Maharashtra Legislative Council की 5 सीटों के चुनाव परिणाम के लिए मतगणना जारी

Maharashtra Legislative Council की 5 सीटों के चुनाव परिणाम के लिए मतगणना जारी

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीट के लिए मंगलवार को मतगणना जारी है जिसमें मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच है। अधिकारियों के अनुसार, पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें 72.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इन निर्वाचन क्षेत्रों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है जिसके कारण यहां चुनाव कराना आवश्यक था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के महायुति गठबंधन तथा विपक्षी दल कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) के महा विकास आघाडी (एमवीए) ने सभी पांच सीट पर चुनाव लड़ा। चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं और महायुति एवं एमवीए दोनों ही गठबंधनों को बगावत का सामना करना पड़ा। भाजपा ने नागपुर स्नातक, पुणे शिक्षक और पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे।

छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर राकांपा ने चुनाव लड़ा जबकि अमरावती शिक्षक सीट पर शिवसेना ने अपना उम्मीदवार उतारा। शिवसेना ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ एक निर्दलीय उम्मीदवार का भी समर्थन किया। अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) किरण सरनाइक ने शिवसेना के टिकट पर कांग्रेस उम्मीदवार अदिति पोहरे के खिलाफ चुनाव लड़ा।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने राकांपा (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख के खिलाफ स्मिता जाधव को मैदान में उतारा। शिवसेना (उबाठा) ने भी इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा।

पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य जयंत असगांवकर के खिलाफ कौस्तुभ गावडे को उम्मीदवार बनाया। शिवसेना ने निर्दलीय उम्मीदवार सचिन सानप का समर्थन किया जो राज्य मंत्री उदय सामंत के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) हैं। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राकांपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य सतीश चव्हाण और राकांपा (शप) के उम्मीदवार प्रतापसिंह पाटिल के बीच मुकाबला रहा।

शिवसेना (उबाठा) ने भी इस सीट पर उम्मीदवार उतारा। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहाले से है। अधिकारियों ने पहले बताया था कि भाजपा के बागी अनिल सोले ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया और कोहाले को समर्थन देने की घोषणा की हालांकि उनका नाम अब भी मतपत्र पर मौजूद था।

राज्य में 78 सदस्यीय विधान परिषद में 35 सदस्यों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। इसके बाद शिवसेना के 12 और राकांपा के 10 सदस्य हैं। विपक्षी दलों में कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) के पांच-पांच सदस्य हैं, जबकि राकांपा (शप) के दो सदस्य हैं।

सदन में चार निर्दलीय सदस्य भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *