यूक्रेन के कीव में यूनिवर्सिटी पर रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, मलबे में दबे कई लोग, जेलेंस्की ने मांगी एयर डिफेंस मदद

यूक्रेन के कीव में यूनिवर्सिटी पर रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, मलबे में दबे कई लोग, जेलेंस्की ने मांगी एयर डिफेंस मदद

Russia-Ukraine war: रूस ने एक बार फिर यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया है। इस हमले में एक प्रमुख यूनिवर्सिटी कैंपस, मशहूर क्योटो पार्क, मेट्रो स्टेशन के आस-पास के इलाके और कई रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, कीव के मेयर ने बताया कि इस हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका है। इसके साथ ही जेलेंस्की पश्चिमी देशों से एयर डिफेंस सिस्टम देने में और देरी नहीं करने की अपील की।

घनी आबादी वाले नागरिक इलाकों को बनाया गया निशाना

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूसी मिसाइलें उन इलाकों में गिरीं, जहां आम नागरिक घनी आबादी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों के आस-पास कोई सैन्य ठिकाना या बेस नहीं था। यह हमला साफ तौर पर शहर के जरूरी नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने और आम लोगों में दहशत फैलाने के लिए किया गया था।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन और बचाव दल अभी मौके पर मौजूद हैं, जो मलबा हटाने और बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। जेलेंस्की ने यह भी आशंका जताई कि हमले अभी थमे नहीं हैं और राजधानी कीव समेत देश के अन्य शहरों और कस्बों पर रूस लगातार ड्रोनों से हमले जारी रखे हुए है, जिससे आगे भी हमलों का खतरा बना हुआ है।

एयर डिफेंस सिस्टम मिलने में देरी पर उठाए सवाल

हवाई हमलों के लगातार खतरे के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पश्चिमी सहयोगियों द्वारा एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम पहुंचाने की धीमी गति पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जब हर पल खतरा मंडरा रहा हो और शहरों व गांवों पर मिसाइलों की बारिश हो रही हो, तो ऐसे समय में हथियारों की आपूर्ति में जानबूझकर देरी करना, आक्रामकता और आतंकवाद को बढ़ावा देने के बराबर है।

जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से राजनीतिक समझौतों को जल्द लागू करने और यूक्रेन को ऐसे हथियार उपलब्ध कराने की अपील की, जिनकी मदद से रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को लॉन्च करने वाले ठिकानों को निशाना बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जान बचाने का सबसे प्रभावी तरीका यही है कि जहां से हमले शुरू हो रहे हैं, उन लॉन्च पैड्स को ही खत्म कर दिया जाए।

रूस शांति नहीं चाहता – जेलेंस्की

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया को अब यह सच समझ लेना चाहिए कि रूस शांति नहीं चाहता। उसका एकमात्र इरादा लोगों को मारना और युद्ध को लंबा खींचना है। उन्होंने कहा कि इस बर्बरता का सामना करने के लिए यूक्रेन को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह युद्ध केवल रूस अड़ियल रवैये के कारण जारी है, जिसकी वजह से लोगों की जान जा रही है। जेलेंस्की ने अपने नागरिकों से सुरक्षित रहने और बंकरों का इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा कि सभी अंतरराष्ट्रीय साझेदारों को इंसानी जिंदगियों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से यूक्रेन के साथ खड़े होना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *