Meerut Police ने नाले किनारे झोपड़ी में चल रहे जुए के अड्डे पर मारा छापा, 17 लोग धरे

Meerut Police ने नाले किनारे झोपड़ी में चल रहे जुए के अड्डे पर मारा छापा, 17 लोग धरे

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने जुए के एक कथित अड्डे पर छापा मारकर 17 लोगों को गिरफ्तार किया और मौके से नकदी, ताश की गड्डियां और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि नौचंदी थाना क्षेत्र में कमेले की पुलिया के पास एक कार वाशिंग सेंटर के पीछे नाले के किनारे बनी झोपड़ी में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने 25 अक्टूबर की रात वहां छापा मारकर 17 लोगों को गिरफ्तार किया और मौके से 37,200 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां, एक कैलकुलेटर व अन्य सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में वसीम उर्फ अन्ना, यूनुस, जीशान, सोहेल, जान मोहम्मद, मनीष, नाजिम, मोहम्मद वसीम, समीर, इमरान, नजबुल, चांद, आरिफ, सावेज, मान, रिजवान और आमिर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि वसीम उर्फ अन्ना के खिलाफ हत्या सहित तीन मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि जीशान के खिलाफ दो और यूनुस के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है।

भौरिया के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नौचंदी थाने में जुआ अधिनियम की धाराओं तीन और चार तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *