मंडी जिले के सुंदरनगर के पुंघ क्षेत्र में आटा मिल के पास एक मकान के आंगन में 48 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के कान और माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस में इसके विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चांगर कॉलोनी का निवासी था और वर्तमान में पुंघ में रह रहा था। उसका शव अमर सिंह के मकान के आंगन में पड़ा मिला। मौके पर मृतक के गले में रस्सी का एक हिस्सा बंधा हुआ था, जबकि रस्सी का दूसरा सिरा लोहे की रेलिंग से बंधा पाया गया। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए मृतक के भाई को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई जारी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और व्यक्ति की मौत के पीछे क्या कारण रहे, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

