दिव्यांग पशुओं के शेल्टर हाउस में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में करनाल पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की पत्ती भी बरामद की है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके उसे जेल भेज दिया। मामले में पुलिस पहले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर चुकी है। थाना बुटाना के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी नीलोखेड़ी की टीम ने यह गिरफ्तारी की। चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक सुल्तान सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार की टीम ने आरोपी अंकुश उर्फ काला निवासी वार्ड नंबर-6, पोल्ट्री एरिया, नीलोखेड़ी को गिरफ्तार किया। 7 अक्टूबर की रात शेल्टर हाउस में हुई थी मारपीट पुलिस के अनुसार, नीलोखेड़ी निवासी हरप्रीत सिंह कालड़ा ने शिकायत में बताया कि 7 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने पशु चिकित्सालय में दिव्यांग पशुओं के लिए बनाए गए शेल्टर हाउस में पहुंचा था। वह वहां कुत्तों और अन्य पशुओं को खाना खिलाने तथा उनके लिए पानी की व्यवस्था करने गया था। इसी दौरान अंकुश उर्फ काला और उसके अन्य साथियों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना में वह घायल हो गया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पहले आकाश उर्फ फूल्डी हो चुका गिरफ्तार शिकायत के आधार पर थाना बुटाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी आकाश उर्फ फूल्डी को गिरफ्तार किया था। अब दूसरे आरोपी अंकुश उर्फ काला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की एक पत्ती (तेजधार हथियार) बरामद की है। कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा करनाल पुलिस ने आज आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

