दौसा में पंचायतीराज चुनाव को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सोमवार को पुलिस लाइन में बलवा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन का अभ्यास किया गया। इसमें करीब 400 पुलिस अधिकारियों एवं जवान शामिल हुए। एसपी कुंदन कुंदन कंवरिया के निर्देशन तथा एएसपी शंकर लाल मीणा की मौजूदगी में सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित अभ्यास में पुलिसकर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई की ट्रेनिंग दी गई। इस दौरान बलवा परेड, भीड़ नियंत्रण और चुनाव के समय उत्पन्न होने वाली विषम परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। वज्र वाहन और अग्निवर्षा के संचालन की ट्रेनिंग मॉक ड्रिल के दौरान वज्र वाहन, अग्निवर्षा वाहन और क्यूआरटी टीम की कार्यप्रणाली का अभ्यास किया गया। करीब 20 क्यूआरटी जवानों को विशेष ट्रेनिंग देने के साथ करीब 20 बोलेरो वाहनों के जरिए त्वरित कार्रवाई और पुलिस बल की तैनाती की तैयारियों को परखा गया। वाटर कैनन, गैस पार्टी, लाठी पार्टी और राइफल पार्टी ने भी अपनी कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। सतर्कता के साथ ड्यूटी के निर्देश एएसपी शंकर लाल मीणा ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को ब्रीफिंग देते हुए निर्देश दिए। उन्होंने पूरी सतर्कता, अनुशासन और तत्परता के साथ ड्यूटी करने तथा अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए पुलिस बल को तैयार रहने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि दौसा पुलिस का लक्ष्य पंचायतीराज चुनाव के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से पुलिस बल की तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है।

