फतेहाबाद आ रही हरियाणा रोडवेज की बस का सोमवार सुबह गांव मानावाली के पास अचानक अगला टायर फट गया। टायर फटने से बस में सवार करीब 50 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ड्राइवर राकेश ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर सुरक्षित रोक लिया। इससे बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, रोडवेज की बस भट्टूकलां से फतेहाबाद की ओर आ रही थी। सुबह करीब सवा 9 बजे जब बस गांव मानावाली के पास पहुंची तो उसके अगले साइड का टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्री घबरा गए। टायर फटने के बाद बस को संभालना ड्राइवर के लिए एक बार तो मुश्किल हुआ लेकिन किसी तरह उसने रोकी। बस में सवार थे 50 यात्री, कोई घायल नहीं बस ड्राइवर राकेश ने बताया कि बस चलते समय अचानक टायर फट गया था। उस समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। सवारियों की संख्या अधिक होने के कारण बस के असंतुलित होकर पलटने का खतरा भी हो सकता था। यदि बस पलट जाती तो यात्रियों को गंभीर चोटें लग सकती थीं और जान-माल का अधिक नुकसान होने की आशंका थी। बड़े नुकसान की आशंका नहीं हालांकि ड्राइवर ने बस को किसी तरह रोका। इस घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। हादसे ने एक बार फिर चलते वाहनों के टायरों की स्थिति और नियमित जांच के महत्व को सामने ला दिया है।

