आगरा के जगदीशपुरा में महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अंतरजनपदीय गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों पर 44 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पिघली हुई सोने की धातु, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार 18 अक्टूबर को जगदीशपुरा थाने में एक महिला ने तहरीर दी थी। महिला ने बताया था कि 17 अक्टूबर को वह अपनी बेटी के साथ बाजार जा रही थी। श्याम वृंदावन अपार्टमेंट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन पेंडल सहित और मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए थाना जगदीशपुरा, सर्विलांस और एसओजी नगर जोन की टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिला। 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पथौली बिचपुरी नहर पर पेट्रोल पंप के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों अमित गुप्ता उर्फ प्रदीप कुमार गुप्ता और विजय चौहान उर्फ अमन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में पुलिस को उनके पास से 15.3 ग्राम पिघली हुई पीली धातु का टुकड़ा, 40 हजार रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक छोटा गैस सिलेंडर, एक गैस गन, एक सिलेट और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बड़े शहरों में मौका देखकर लूट और स्नैचिंग की वारदात करते हैं। 17 अक्टूबर को उन्होंने आगरा में मार्बल की दुकानों के पास तिराहे पर महिला को छोटी बच्ची के साथ अकेले खड़ा देखा और चेन खींच ली। पकड़े जाने से बचने के लिए उन्होंने चेन को गला कर उसके दो टुकड़े कर दिए थे। एक टुकड़ा उन्होंने सर्राफा बाजार में आते-जाते व्यक्ति को 52 हजार रुपये में बेच दिया। बचे हुए पैसों में से कुछ खर्च कर दिए। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी समय-समय पर अपना पता बदलते रहते हैं। गिरफ्तार आरोपी अमित गुप्ता नौबस्ता कानपुर नगर का रहने वाला है, जबकि विजय चौहान अमरपुर थाना रूरा कानपुर देहात का रहने वाला है। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। बरामद माल को कब्जे में लेकर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

