Ahaan Panday Sharvari Wagh New Film Beparwah: बॉलीवुड में अपनी अदायगी से रातों-रात चर्चा में आए अभिनेता अहान पांडे (Ahaan Panday) एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ से धमाकेदार डेब्यू करने वाले अहान अब फेमस डायरेक्टर अली अब्बास जफर की आने वाली रोमांटिक-एक्शन ड्रामा फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ खूबसूरत अभिनेत्री शरवरी वाघ (Sharvari) मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म का आधिकारिक तौर पर ऐलान के साथ फर्स्ट-लुक टीजर पोस्ट जारी किया गया है, जिसका टाइटल ‘बेपरवाह: फियरलेस इन लव’ (Beparwah: Fearless in Love) रखा गया है।
अहान पांडे और शरवरी वाघ की नई फिल्म का हुआ ऐलान
फिल्म बेपरवाह का फर्स्ट-लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस पोस्टर में अहान पांडे और शरवरी के चेहरे छिपे हुए हैं, लेकिन उनका अंदाज बेहद खूंखार और रोमांटिक दोनों का मिला-जुला रूप पेश कर रहा है। लेदर जैकेट पहने अहान के हाथों में बंदूक है, उनके हाथों पर खून और चेहरे पर चोट के निशान साफ देखे दिख रहे हैं। वहीं, शरवरी के हाथों में गिटार नजर आ रहा है, जो इस बात का संकेत दे रहा है कि फिल्म में प्यार और एक्शन का एक खतरनाक मेल देखने को मिलने वाला है।
पोस्टर टीजर के बैकग्राउंड में अहान पांडे की दमदार आवाज में कुछ लाइनें सुनाई देती हैं, जो दर्शकों का दिल जीत रही हैं, “बेपरवाह है इश्क, क्या करूं? बेपरवाह, बेइंतहां करूं, कोई भी आए तो… सब तबाह, तबाह, तबाह करूं।”
इस फर्स्ट लुक पर प्रतिक्रिया देते हुए अहान की को-स्टार और रूमर्ड गर्लफ्रेंड अनीत पड्डा ने कमेंट किया, “बेस्ट ऑफ द बेस्ट। बहुत एक्साइटेड हूं!!” इसके अलावा रिपोर्ट्स यह भी हैं कि अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशानची’ के बाद ऐश्वर्या ठाकरे इस फिल्म में मुख्य खलनायक (विलन) की भूमिका निभा सकते हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने किए कमेंट
सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर लोगो ने कमेंट करने शुरू कर दिए हैं। एक यूजर ने लिखा, “इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं, शुभकामनाएं।” दूसरे ने लिखा, “इंतजार नहीं हो रहा एकदम जबरदस्त।” एक और ने लिखा, “मुझे पूरा यकीन है कि ‘बेपरवाह’ बॉक्स ऑफिस पर हिट होगी। मुझे बस इतना पता है।” एक अन्य ने लिखा, “अहान, सच में मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं… आवाज, टाइटल, पोस्टर…! सब कुछ शानदार है! मैं शब्दों में बयां ही नहीं कर सकती।”
थिएटर्स में रिलीज होने में बचे हैं पांच महीने
फिल्म के टीजर पोस्टर के साथ ही इसकी रिलीज को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आ गया है। मेकर्स ने घोषणा की है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने से ठीक पांच महीने दूर है। ‘सैयारा’ फेम अहान पांडे और शरवरी की फ्रेश जोड़ी को पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ देखना फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है। अली अब्बास ज़फर के निर्देशन में बन रही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर किस तरह का धमाल मचाती है, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इसके पहले लुक ने दर्शकों के बीच उत्साह को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

