दीपावली से पहले कानपुर सेंट्रल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। नई समय-सारिणी 28 अक्टूबर से अलग-अलग तारीखों में लागू होगी। इसके तहत गोरखधाम एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर सुपरफास्ट, ऊंचाहार एक्सप्रेस और रीवा एक्सप्रेस के समय में संशोधन किया गया है। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन की नई टाइमिंग जरूर देख लेनी चाहिए। हमसफर एक्सप्रेस अब 45 मिनट देर से पहुंचेगी आनंद विहार टर्मिनल से प्रयागराज जाने वाली ट्रेन नंबर 22438 हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का समय 29 अक्टूबर से बदलेगा। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल पर पहले सुबह 3:25 बजे पहुंचती थी, लेकिन अब सुबह 4:10 बजे पहुंचेगी, जबकि प्रस्थान का समय भी सुबह 3:30 बजे से बदलकर 4:15 बजे कर दिया गया है। प्रयागराज पहुंचने का समय सुबह 6:20 बजे के स्थान पर अब 7:55 बजे निर्धारित किया गया है। गोरखधाम और प्रयागराज एक्सप्रेस की टाइमिंग भी बदली ट्रेन नंबर 12556 भटिंडा-गोरखपुर गोरखधाम एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से कानपुर सेंट्रल पर सुबह 2:55 बजे की जगह 3 बजे पहुंचेगी। यहां से इसका प्रस्थान सुबह 3:05 बजे के स्थान पर 3:10 बजे होगा। इसी तरह, ट्रेन नंबर 12418 नई दिल्ली-प्रयागराज एक्सप्रेस का आगमन सुबह 3:50 बजे से बदलकर 3:55 बजे कर दिया गया है। यह ट्रेन अब सुबह 4 बजे रवाना होगी। पहले इसका प्रस्थान समय 3:55 बजे था। रीवा और ऊंचाहार एक्सप्रेस भी नए समय पर चलेंगी ट्रेन नंबर 12428 आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस 28 अक्टूबर से कानपुर सेंट्रल पर सुबह 3:20 बजे पहुंचेगी। पहले इसका आगमन समय 3:15 बजे था। ट्रेन यहां से सुबह 3:25 बजे रवाना होगी। वहीं, 28 अक्टूबर से ट्रेन नंबर 14218 चंडीगढ़-प्रयागराज संगम ऊंचाहार एक्सप्रेस का आगमन सुबह 5:30 बजे के बजाय 5:35 बजे होगा। इसका प्रस्थान समय भी 5:35 बजे से बदलकर 5:40 बजे कर दिया गया है। ट्रेन नंबर 15566 नई दिल्ली-ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस का कानपुर सेंट्रल पर समय फिलहाल पहले जैसा रहेगा। हालांकि, 23 दिसंबर से लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर इसका आगमन सुबह 4:05 बजे के बजाय 4:10 बजे होगा। इसके बाद के समय में बदलाव नहीं किया गया है।

