सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम मटिहनी में सोमवार सुबह 20 वर्षीय आकाश साहू का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान आकाश साहू, पिता रामधनेश साहू, निवासी ग्राम मटिहनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मौत के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। सुबह कमरे के अंदर मिला शव परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आकाश रविवार रात खाना खाने के बाद सो गया था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह उठा और घर के अंदर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। सुबह करीब 8 बजे घर के अंदर उसका शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मुंबई में नौकरी करता था परिजनों के अनुसार, आकाश मुंबई में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। उसकी मौत के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों के संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

