KTR का आरोप, Revanth Reddy के राज में Telangana बना राहुल गांधी का एटीएम

KTR का आरोप, Revanth Reddy के राज में Telangana बना राहुल गांधी का एटीएम

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने रविवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के शासन में तेलंगाना ‘‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए एटीएम’’ बन गया है। यहां बीआरएस के एक कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ के बारे में बात करते हुए देशभर का दौरा किया, लेकिन उनमें तेलंगाना आने का ‘‘साहस नहीं’’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेड्डी के भाइयों की कारोबारी गतिविधियों और अन्य मुद्दों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बीआरएस नेता ने राहुल गांधी पर तेलंगाना में कथित भ्रष्टाचार, लूट और घोटालों की ‘‘अनदेखी करने’’ का आरोप लगाया। रामा राव ने सवाल किया, ‘‘2023 के चुनाव से पहले राहुल गांधी ने तेलंगाना की जनता से 420 वादे किए थे। कांग्रेस ने 100 दिन के भीतर चुनावी छह गारंटी लागू करने, 13 घोषणाओं को पूरा करने और सभी 420 वादों को पूरा करने का वादा किया था।

एक हजार दिन से अधिक बीत चुके हैं। राहुल गांधी के 420 वादों का क्या हुआ?’’ उन्होंने कहा, ‘‘जहां दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लोगों को बांट रही है, वहीं तेलंगाना में कांग्रेस सरकार राज्य को लूट रही है।’’ मुख्यमंत्री के खिलाफ बीआरएस नेता के बार-बार लगाए जाने वाले आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस नेता आदि श्रीनिवास ने कहा था कि रामा राव को अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *