भरनो में पारस जलाशय की नहरों में पानी नहीं मिलने से फसलें सूखने की कगार पर

भरनो में पारस जलाशय की नहरों में पानी नहीं मिलने से फसलें सूखने की कगार पर

भास्कर न्यूज|​गुमला भरनो प्रखंड के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इसे लेकर जोहाइर फार्म के वरीय सदस्य अशेष बारला और बनमाली महतो ने गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें किसानों की दुर्दशा से अवगत कराया। ​प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि बरसात के बाद खेतों में लगी फसलों के लिए इस समय सिंचाई का पानी अत्यंत आवश्यक है। लंबे समय से पारस जलाशय का एक हिस्सा टूटा है। इस कारण नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इससे किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ​उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के मुख्य उद्देश्य से ही इस नहर का निर्माण कराया गया था। पानी के अभाव में किसानों को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि अपनी फसलों को बचाने के लिए किसानों को रात-रातभर जागकर अपने स्तर पर खेतों की पटवन की व्यवस्था करनी पड़ रही है। समय पर सिंचाई की समुचित सुविधा नहीं मिलने से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने और फसल बर्बाद होने की आशंका बनी हुई है। ​किसानों की इस गंभीर समस्या को सुनने के बाद गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने मामले को पूरी गंभीरता से लिया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द ही आवश्यक पहल की जाएगी। इससे किसानों को राहत मिल सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *