राजस्थान में आज से तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। जबकि 29 अक्टूबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के एरिया में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में राजस्थान में रात में सर्दी शुरू हो गई है। रविवार रात को फतेहपुर (सीकर) और माउंटआबू में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, दिन में अब भी कई जिलों में तेज गर्मी है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान अब भी 36 से 38 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है। 15 से ज्यादा शहरों का पारा 20 डिग्री से नीचे: दिन में सुहावनी धूप के बाद शहरों में रात में सर्दी बढ़ गई। रविवार को 15 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडी रात फतेहपुर और माउंट आबू में रही, सिरोही में भी न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हुई बारिश के बाद हल्की सर्दी शुरू हो गई। जयपुर में दिनभर आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि रात का तापमान में 1.2 डिग्री गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। 29 अक्टूबर को जयपुर में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। अजमेर: रविवार को दिन का तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में गर्मी का असर रहा, जबकि सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस हुई। उदयपुर: रविवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले के मुकाबले बीती रात में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई। अलवर: रविवार को सुबह से ही मौसम सामान्य रहा। मौसम विभाग की ओर से बारिश की चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन दोपहर तक मौसम साफ रहा और बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के साथ रात के समय ठंडक महसूस हो रही है। कोटा: रविवार को भी दिन का तापमान 35 डिग्री के ऊपर ही रहा। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। कोटा में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 22.6 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि दो दिन पहले न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक था, जो की बढ़ते हुए 20 और फिर 22 डिग्री पार कर गया। जोधपुर: जिले में गर्मी का असर बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान में कमी आने से रात को हल्की ठंड होने लगी है। सीकर: पिछले 2 दिन से मौसम बदल गया है। नए वेदर डिस्टर्बेंस की वजह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। रविवार सुबह हल्की सर्दी रही। रविवार को दिन का तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में आगामी 24 घंटे बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

