जेईई-मेन 2027: पहले आवेदन से नहीं मिलेगी बेहतर रैंक:20 जनवरी से परीक्षा; एक्सपर्ट बोले- जल्दबाजी के बजाय सही जानकारी भरने पर दें ध्यान

जेईई-मेन 2027: पहले आवेदन से नहीं मिलेगी बेहतर रैंक:20 जनवरी से परीक्षा; एक्सपर्ट बोले- जल्दबाजी के बजाय सही जानकारी भरने पर दें ध्यान

जेईई-मेन 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 24 अक्टूबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू की है, जो 22 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस बार अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि पहले फॉर्म भरने से रैंक के मामले में कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को जल्दबाजी करने के बजाय आवेदन पत्र में सही और त्रुटिरहित जानकारी दर्ज करने पर ध्यान देना चाहिए। जेईई-मेन 2027 में लगातार तीसरे वर्ष सिलेबस, पेपर पैटर्न, मार्किंग पैटर्न और टाई-ब्रेकिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा का प्रारूप वर्ष 2025 और 2026 के बिल्कुल समान रहेगा। एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार विद्यार्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति में बदलाव करने की जरूरत नहीं है। मौजूदा पैटर्न के अनुसार ही नियमित अभ्यास जारी रखना बेहतर रहेगा। दरअसल जेईई-मेन 2024 में टाई-ब्रेकिंग के दौरान एप्लीकेशन नंबर के आरोही क्रम की भूमिका रखी गई थी। उस समय कम एप्लीकेशन नंबर वाले अभ्यर्थियों को लाभ मिल सकता था। हालांकि जेईई-मेन 2025, 2026 और 2027 के नियमों में एप्लीकेशन नंबर को टाई-ब्रेकिंग का आधार नहीं बनाया गया है। इसलिए पहले फॉर्म भरने से बेहतर ऑल इंडिया रैंक मिलने का भ्रम पूरी तरह दूर हो चुका है। अभ्यर्थी अपना नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियां पूरी सावधानी से दर्ज करें। विषयों में एकरूपता इस बार भी नहीं आई है। मैथ का सिलेबस 14 यूनिट में विभाजित है, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री में 20-20 यूनिट रखे गए हैं। 75 प्रश्नों का प्रारूप: हर विषय से 25-25 सवाल, पिछले पेपर हल करें जेईई-मेन 2027 में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स प्रत्येक विषय से 25 प्रश्नों का पैटर्न बरकरार रखा गया है। प्रत्येक विषय में पार्ट-ए के 20 और पार्ट-बी के 5 प्रश्न निर्धारित हैं। परीक्षा के स्वरूप में बदलाव नहीं होने से विद्यार्थी पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों और मॉक टेस्ट के आधार पर अपनी तैयारी का आकलन कर सकते हैं। इससे समय प्रबंधन, प्रश्नों के चयन और कमजोर टॉपिक्स की पहचान करने में मदद मिलेगी। आवेदन से परीक्षा तक की पूरी समय सीमा 24 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026: सामान्य ऑनलाइन आवेदन।
23 से 26 नवंबर 2026: लेट फीस के साथ आवेदन।
27 से 29 नवंबर 2026: आवेदन में त्रुटि सुधार।
30 दिसंबर 2026: परीक्षा शहर की सूचना।
13 जनवरी 2027 से: एडमिट कार्ड डाउनलोड प्रक्रिया शुरू होने की निर्धारित तारीख।
20 से 24 जनवरी और 28 जनवरी 2027: परीक्षा आयोजन की निर्धारित तारीखें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *