BJP के पूर्व विधायक की बेटी की शिकायत पर उर्मिला सनावर सहारनपुर से गिरफ्तार

BJP के पूर्व विधायक की बेटी की शिकायत पर उर्मिला सनावर सहारनपुर से गिरफ्तार

उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत के बाद हरिद्वार पुलिस ने रविवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक महिला को हिरासत में लिया। पुलिस ने रविवार को बताया कि शिकायत दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तार महिला की पहचान उजागर नहीं की।

सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में गिरफ्तार महिला उर्मिला सनावर दिखाई दे रही है। उसे अंकिता भंडारी हत्याकांड की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच के सिलसिले में सोमवार को देहरादून की एक अदालत में पेश होना था। पीटीआई-भाषा हालांकि इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।

अभिनेत्री होने का दावा करने वाली और खुद को सुरेश राठौर की पत्नी बताने वाली सनावर ने हत्याकांड में अपने आरोपों से राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी। पौड़ी स्थित वनंत्रा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की 2022 में रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

सनावर ने आरोप लगाया है कि अंकिता की हत्या में एक ‘वीआईपी’ की संलिप्तता थी। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात हरिद्वार की टिहरी विस्थापित कॉलोनी की एक निवासी ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रहने वाली एक महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस की ओर से रविवार शाम जारी एक बयान के अनुसार, “ऐसा आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिससे शिकायतकर्ता की गरिमा को ठेस पहुंची और उसके परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल हुई।

आरोपी ने व्हाट्सऐप के जरिए एक संपत्ति अपने नाम हस्तांतरित करने की मांग की। इसके साथ ही उसने पांच करोड़ रुपये मांगे और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी।”
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और अश्लील चित्रण निषेध अधिनियम, 1986 की धाराओं चार और 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला का पता लगाकर रविवार को सहारनपुर स्थित उसके आवास से हिरासत में लिया गया।

कथित अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी उसके पास से बरामद किया गया। बयान में कहा गया कि गिरफ्तार आरोपी महिला को रविवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा अश्लील चित्रण निषेध अधिनियम, 1986 की धाराओं चार और 10 के तहत अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले से आठ मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *