Ranchi में राजस्व उपनिरीक्षक Laxmikant Munda की घर में हत्या, SIT जांच में जुटी

Ranchi में राजस्व उपनिरीक्षक Laxmikant Munda की घर में हत्या, SIT जांच में जुटी

झारखंड की राजधानी रांची में राजस्व विभाग के एक अधिकारी की उनके घर में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार को नामकुम थाना क्षेत्र के टेटर टोला में हुई।

मृतक की पहचान बुंडू प्रखंड के निवासी लक्ष्मीकांत मुंडा (40) के रूप में हुई है। वह अरगोड़ा अंचल कार्यालय में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। नामकुम थाने के प्रभारी रामनारायण ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मुंडा पर उनके घर में अज्ञात लोगों ने हमला किया और उनकी हत्या कर दी।

घटना का पता तब चला, जब वह कार्यालय नहीं पहुंचे और फोन भी नहीं उठा रहे थे। मृतक का पोस्टमॉर्टम रविवार को किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस ने हत्या के मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और लूटपाट तथा पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि घर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज वाला डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) गायब है।

रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की जांच कर रहा है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
इस बीच, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अर्जुन मुंडा ने रिम्स में मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *