श्रीभूमि में बिहू दल पर हमले पर Himanta Biswa Sarma सख्त, 13 उपद्रवी गिरफ्तार

श्रीभूमि में बिहू दल पर हमले पर Himanta Biswa Sarma सख्त, 13 उपद्रवी गिरफ्तार

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को श्रीभूमि जिले में बिहू दल पर कथित हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का पुलिस को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और विरासत का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस मामले में शामिल सभी लोगों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।

शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “श्रीभूमि में बिहू दल पर हमले की खबर बेहद परेशान करने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण है।”
यह घटना शुक्रवार को श्रीभूमि में दुर्गा पूजा की प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान हुई। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए बुलाए गए बिहू दल पर कुछ उपद्रवियों द्वारा हमला किये जाने का आरोप है। दल के कई सदस्य घायल हो गए, जबकि हमलावरों ने संगीत उपकरणों को भी कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया।

शर्मा ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “बिहू असम की आत्मा, हमारा गौरव और हमारी पहचान है। हम अपनी संस्कृति और विरासत का कोई भी अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
शर्मा, गृह विभाग का जिम्मा भी संभाल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने असम के पुलिस महानिदेशक को जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।”
पुलिस महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि श्रीभूमि थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, “जांच के दौरान 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें अदालत में पेश किया गया।”
सिंह ने बताया, “मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *