मर्डर केस से बचने को रची खुद की मौत की झूठी कहानी, UP Police ने मऊ से दबोचा

मर्डर केस से बचने को रची खुद की मौत की झूठी कहानी, UP Police ने मऊ से दबोचा

मऊ जिले में हत्या मामले में कथित तौर पर कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल करके अपनी मौत का नाटक रचने वाले व्यक्ति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और मृत्यु प्रमाणपत्र हासिल करके अदालत में पेश कराया ताकि उसके खिलाफ जारी कानूनी कार्यवाही खत्म हो सके। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार राजभर उर्फ राजू (38) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि वह मऊ के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के ख्वाजाजहांपुर का निवासी है और वर्ष 2016 में योगेश सिंह नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपी है। पुलिस के अनुसार मुकदमे की सुनवाई के दौरान राजकुमार ने खुद को मृत साबित करने की साजिश रची। कुमार ने बताया कि उसने कथित तौर पर 30 मई 2025 को गाजीपुर में अपनी मौत का नाटक रचा और श्मशान घाट पर चिता पर रखे शव की एआई से तैयार तस्वीर का इस्तेमाल किया।

पुलिस ने बताया कि अंतिम संस्कार और शवयात्रा से जुड़ी तस्वीरें भी कथित तौर पर तैयार की गईं, ताकि उसकी मौत की कहानी वास्तविक लगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने मृत्यु प्रमाणपत्र और अंतिम संस्कार से संबंधित अन्य दस्तावेज जुटाए। पुलिस का दावा है कि इन दस्तावेजों के आधार पर उसने मऊ नगर पालिका परिषद से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र भी हासिल कर लिया और बाद में अपनी मौत साबित करने के लिए ये दस्तावेज अदालत में पेश करवाकर फिर कहीं छुप गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने विशेष कार्य दल (एसओजी) और निगरानी टीम की मदद से रविवार सुबह ख्वाजाजहांपुर इलाके के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शेयर बाजार में कारोबार करता था और उस पर कई लोगों से निवेश के नाम पर धन लेने का भी आरोप है। अपर पुलिस अधीक्षक कुमार ने बताया कि आरोपी कम शिक्षित है, फिर भी वह विभिन्न शहरों के प्रभावशाली लोगों से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर धन जुटाता था।

पुलिस का आरोप है कि लोगों से लिया गया धन लौटाने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने खुद को मृत घोषित कराने की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कोतवाली नगर थाने में आरोपी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और खुद को मृत दर्शाने समेत विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *