राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:सरपंच चुनाव हारने पर गांववालों ने दिए 25 लाख; जमीन विवाद में कांग्रेस नेता के खिलाफ केस; हॉस्पिटल में चले लाठी-डंडे

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:सरपंच चुनाव हारने पर गांववालों ने दिए 25 लाख; जमीन विवाद में कांग्रेस नेता के खिलाफ केस; हॉस्पिटल में चले लाठी-डंडे

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बीकानेर से है। यहां केला ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के रिजल्ट के बाद पत्थरबाजी हो गई। लोगों ने पुलिस-प्रशासन की 3 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. डूंगरपुर में उपसरपंच के चुनाव में BLO की मौत
राजस्थान के 16 जिलों की 3314 पंचायतों में रविवार को उपसरपंचों का चुनाव हुआ। डूंगरपुर के सीमलवाड़ा की डूका पंचायत में नामांकन प्रक्रिया के दौरान BLO की तबीयत खराब हो गई। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीकानेर की केला पंचायत में सरपंच के रिजल्ट के बाद पत्थरबाजी हो गई। पूरी खबर पढ़ें 2. नरेश मीणा के खिलाफ राजकार्य में बाधा का केस दर्ज
बारां जिले के छबड़ा थाने में नरेश मीणा के खिलाफ राजकार्य में बाधा और रास्ता रोकने का मुकदमा दर्ज हुआ है। 2 दिन पहले खाद के टोकन को लेकर दिए गए धरने को लेकर कृषि विभाग के अधिकारियों ने केस दर्ज कराया है। नरेश मीणा ने कहा- किरोड़ीलाल मीणा के दबाव में केस दर्ज हुआ है। पूरी खबर पढ़ें 3. लोहे की जाली में फंसी मादा लेपर्ड, तड़प-तड़पकर मौत
चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं इलाके में खेत में लगी लोहे की जाली में मादा लेपर्ड फंस गई। लेपर्ड बाहर निकलने के लिए लगातार कोशिश करती रही, लेकिन जाली से निकल नहीं पाई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 4. खिड़की तोड़कर पुलिस कस्टडी से भागा नशा तस्कर
धौलपुर के दिहौली थाने की खिड़की तोड़कर नशा तस्कर फरार हो गया। फरार आरोपी श्रीनिवासन टी 261 किलो गांजा तस्करी के मामले में पुलिस रिमांड पर था। एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में 2 कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया। आरोपी को पकड़ने के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कराई। पूरी खबर पढ़ें 5. गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद, लाठी-डंडे चले
कोटा के MBS हॉस्पिटल परिसर में नो-पार्किंग जोन से गाड़ी हटाने और 50 रुपए का जुर्माना मांगने पर कुछ युवकों ने पार्किंगकर्मी के साथ गाली-गलौज की और साथियों को बुलाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पार्किंग कर्मी का हाथ फ्रैक्चर हो गया। सिर, गर्दन और शरीर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. सीजेरियन डिलीवरी के बाद एक और महिला की मौत
कोटा में सीजेरियन डिलीवरी के बाद 1 और महिला की मौत हो गई। जेके लोन हॉस्पिटल में शबनम बानो का ऑपरेशन हुआ था। डिलीवरी के बाद ब्लड प्रेशर लो होने पर ड्रिप चढ़ाई गई थी। कुछ देर बाद उसको दौरे पड़ने लगे थे। शनिवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. जमीन विवाद में कांग्रेस नेता के खिलाफ केस
अजमेर में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप में कांग्रेस नेता द्रोपदी कोली और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता और उसके परिवार के लोगों ने बुजुर्ग पिता को धक्का देकर गिरा दिया। महिलाओं के साथ भी गाली-गलौज की। पूरी खबर पढ़ें 8. तीन शावकों के साथ नजर आई बाघिन
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में रविवार सुबह सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघिन T-2403 अपने 3 शावकों के साथ नजर आई। करीब साढ़े चार साल की बाघिन जोन-8 में घूमती दिखी। उसके साथ 3 शावक भी नजर आए। बाघिन और शावकों को देख पर्यटक उत्साहित नजर आए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. सरपंच चुनाव हारने पर ग्रामीणों ने दिए 25 लाख
नागौर जिले की भदौरा ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव हारने वाली प्रत्याशी चिड़ी देवी को गांववालों ने 25 लाख रुपए दिए। गांव के लोगों ने आपसी सहमति से प्रत्याशी बनाया था। चुनाव हारने पर ग्रामीण गाड़ियों में भरकर चिड़ी देवी के घर पहुंचे और 25 लाख रुपए उनके पति को सौंपे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. जोधपुर इंटरनेशनल फोक फेस्टिवल का आखिरी दिन
जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में 22 अक्टूबर से शुरू हुए जोधपुर इंटरनेशनल फोक फेस्टिवल का 26 अक्टूबर को आखिरी दिन है। यहां पारंपरिक राजस्थानी लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *