बंगाल की खाड़ी में गहराया Depression, 28 अक्टूबर को Andhra Coast से टकराएगा चक्रवाती तूफान

बंगाल की खाड़ी में गहराया Depression, 28 अक्टूबर को Andhra Coast से टकराएगा चक्रवाती तूफान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा होकर अवदाब में बदल गया है और इसके 27 अक्टूबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार शाम साढ़े पांच बजे अवदाब बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से के ऊपर केंद्रित था। विभाग ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि इसके पश्चिम से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 26 अक्टूबर की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य तथा उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की प्रबल संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक, इसके बाद 27 अक्टूबर की सुबह तक तूफान के पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और और अधिक तीव्र होकर बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने का अनुमान है।

इसके 28 अक्टूबर की पूर्वाह्न बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तथा यानम के तटों को बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने की प्रबल संभावना है। विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *