मेरठ में शनिवार को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने थानेदारों के तबादले किए थे। दोपहर को ये तबादला लिस्ट जारी हुई। एसएसपी का आदेश था कि इस ट्रांसफर लिस्ट को लागू किया जाए और शनिवार को ही सभी थानेदार अपना नया चार्ज संभाल लें।
लेकिन लिस्ट जारी होने के कुछ घंटे बाद ही इसे होल्ड कर दिया गया। वायरलेस सेट पर एक मैसेज चलाया गया जिसमें निर्देश दिया गया कि ट्रांसफर लिस्ट आज से लागू नहीं होगी। 2 दिन बाद इसे लागू किया जाएगा। इसके बाद ही थानेदार नया चार्ज संभालें। अचानक ही फ्लैश हुआ मैसेज ट्रांसफर लिस्ट होल्ड होने पर पुलिस महकमे से लेकर राजनीतिक गलियारों में तमाम चर्चाएं हो रही हैं। चर्चा है राजनीतिक और विभागीय दबाव के कारण इस लिस्ट को रोकना पड़ा है। नेताओं के चहेतों को मनचाहे थाने नहीं मिले इसके चलते अचानक लिस्ट होल्ड कराई गई है। वहीं एसएसपी का कहना है कि फेस्टिवल ड्यूटी के बाद लिस्ट इसी तरह लागू होगी, इसमें कुछ होल्ड नहीं किया है।
कई थानेदारों के सर्किल भी बदले शनिवार को एसएसपी ने 40 से अधिक दरोगा-इंस्पेक्टरों के तबादले की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में तमाम थानेदारों के नाम थे। ढाई दर्जन से अधिक थानेदारों को दूसरे सर्किल में भेज दिया गया। उनके सर्किल बदल गए। कई को लाइन हाजिर कर दिया गया। इस लिस्ट के अनुसार नकली सिगरेट कांड में हस्तिनापुर थानेदार कमल शंकर त्रिवेदी और स्वाट टीम इंचार्ज शैलेश कुमार लाइन हाजिर किए गए। लिसाड़ीगेट के वसूली सिंडिकेट कांड में थानेदार दलबीर सिंह लाइन हाजिर हुए। नौचंदी थानेदार अनूप सिंह भी भ्रष्टाचार की शिकायत पर लाइन भेजे गए।
लेकिन शाम होते-होते वायरलेस पर ही मैसेज फ्लैश किया गया। कहा गया कि तबादला लिस्ट आज से लागू नहीं है। त्योहार बाद इसे लागू किया जाएगा। लिस्ट होल्ड कर दी गई। एसएसपी ने कहा त्योहार की वजह से अभी चार्ज रोका
वहीं पूरे मामले में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का कहना है कि कोई ट्रांसफर लिस्ट होल्ड या कैंसिल नहीं की गई है। सिर्फ पीईटी एग्जाम और वाल्मीकि जयंती की वजह से चार्ज लेने से रोका गया है। क्योंकि जो थानेदार, अफसर जहां है वो अभी अपने क्षेत्र में रहकर ये दोनों आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करा सकता है। इसलिए परीक्षा और वाल्मीकि जयंती होने के बाद थानेदार नया चार्ज संभालेंगे।

