सोनभद्र के विकास में योगदान देना चाहता है राष्ट्रीय लोकदल:रविंद्र पटेल बोले- संसाधनों के बावजूद जिले का अपेक्षित विकास नहीं हुआ

सोनभद्र के विकास में योगदान देना चाहता है राष्ट्रीय लोकदल:रविंद्र पटेल बोले- संसाधनों के बावजूद जिले का अपेक्षित विकास नहीं हुआ

सोनभद्र में युवा राष्ट्रीय लोकदल की ओर से शनिवार दोपहर नगर स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह पटेल ने युवाओं और किसानों से राष्ट्रीय लोकदल से जुड़कर अपने भविष्य के निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन संसाधनों के अनुरूप जिले का विकास नहीं हो पाया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सोनभद्र पठारी क्षेत्र है और यहां बड़ी संख्या में वनवासी व आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं। इन समुदायों को विकास का जितना लाभ मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिला। जिले में खनिज संपदा, खनन, क्रशर और गिट्टी के कारोबार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसके बावजूद विकास अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हुआ है। राष्ट्रीय लोकदल योजनाबद्ध तरीके से काम करके पार्टी के विस्तार के साथ सोनभद्र के विकास में भी योगदान देना चाहता है।
एनडीए में रालोद की ताकत बढ़ाने की अपील रविंद्र सिंह पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल करीब डेढ़ से दो वर्ष पहले एनडीए में शामिल हुआ था। गठबंधन में पार्टी अपनी संख्या के अनुपात में अपनी बात रखती है। उन्होंने बताया कि पार्टी के नौ विधायक, दो सांसद, एक विधान परिषद सदस्य और एक राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने सोनभद्र के लोगों से पार्टी को मजबूत बनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे एनडीए में रालोद की ताकत और अहमियत बढ़ेगी।
कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर प्रदेश अध्यक्ष ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की इतनी बड़ी उपस्थिति से सोनभद्र में पार्टी के विस्तार की उम्मीद मजबूत हुई है। विशिष्ट अतिथि युवा रालोद के प्रयागराज क्षेत्रीय अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह उर्फ पंचू पटेल ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
अतिथियों का स्वागत कर किया सम्मानित कार्यक्रम के संयोजक युवा रालोद के प्रयागराज क्षेत्रीय महासचिव पवन शुक्ला रहे। अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक सिंह पटेल ने की, जबकि संचालन अभय सिंह पटेल और मंदीप सिंह ने किया। इससे पहले हिंदुआरी तिराहे पर प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी और रालोद नेता ठाकुर रोहित सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सभी ने मां शीतला मंदिर में दर्शन-पूजन किया और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रेक्षागृह में आयोजक मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह पटेल को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *