मैहर में कलेक्टर ने स्कूल में पढ़ाई जांची:12वीं के छात्रों से बायोलॉजी-केमिस्ट्री के सवाल पूछे; लापरवाही पर पटवारी और दो सचिव निलंबित

मैहर में कलेक्टर ने स्कूल में पढ़ाई जांची:12वीं के छात्रों से बायोलॉजी-केमिस्ट्री के सवाल पूछे; लापरवाही पर पटवारी और दो सचिव निलंबित

मैहर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को ग्राम बेरमा पहुंचीं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने स्कूल में पढ़ाई का स्तर जांचा। उन्होंने 12वीं के विद्यार्थियों से बायोलॉजी और केमिस्ट्री के सवाल पूछे और खुद भी पाठ पढ़ाया। वहीं, शिविर में लापरवाही और बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर एक पटवारी और दो सचिवों को निलंबित किया गया। परीक्षा परिणाम सुधारने के निर्देश कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेरमा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को स्कूल का नियमित निरीक्षण करने और पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाना शिक्षकों और प्राचार्य की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहे तो संबंधित शिक्षक और प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पटवारी और दो सचिव निलंबित बेरमा में आयोजित शिविर के दौरान शासकीय काम में लापरवाही और बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने भरौली के सचिव झूमक लाल शिवहरे, खेरवाकला के सचिव शरद पटेल और भरौली के पटवारी को निलंबित कर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण और शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *