उज्जैन में अलग-अलग अपराधों के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। नीलगंगा और जीवाजीगंज थाना पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद उनका जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिसकर्मी आरोपियों की पिटाई करते हुए भी नजर आए। नीलगंगा में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को समझाने पहुंचे पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, जीवाजीगंज में रंगदारी और मारपीट के आरोपी को पकड़ा गया, जिसकी सात वारंटों में तलाश थी। दूसरी ओर, पंवासा पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो लोहे की रॉड और बांस का डंडा जब्त किया। पुलिस ने शनिवार शाम 7 बजे इन कार्रवाइयों की जानकारी दी। समझाइश देने पर पुलिसकर्मियों से की झूमाझटकी नीलगंगा थाना क्षेत्र के सावराखेड़ी रोड स्थित बंधन गार्डन के सामने 24 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे 7-8 युवक सार्वजनिक सड़क पर शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। एफआरवी-22 पर तैनात आरक्षक विकास लोधी ने युवकों को समझाइश देकर घर जाने को कहा, तो वे गाली-गलौज और झूमाझटकी करने लगे। इस घटना में आरक्षक विकास लोधी और एफआरवी पायलट लोकेन्द्र को चोटें आईं। झूमाझटकी के दौरान आरक्षक की शर्ट के बटन भी टूट गए। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसमें एक अन्य आरक्षक को चोट आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंकित (23), यश (25) और विकास को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। सात वारंटों में तलाश, रंगदारी के आरोपी का निकाला जुलूस जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में 23 अक्टूबर को जूनासोमवारिया निवासी प्रदीप मालवीय के साथ कथित तौर पर रंगदारी का प्रयास किया गया। शिकायत के अनुसार, सागर बलाई ने धौंस दिखाकर रुपये मांगे। मना करने पर मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी सागर पिता गणेश, निवासी ग्राम गोंसा, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की अन्य मामलों में चार स्थायी वारंट और तीन गिरफ्तारी वारंट सहित कुल सात वारंटों में तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिसकर्मी आरोपी की पिटाई करते हुए भी नजर आए। पंवासा में मारपीट और जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार पंवासा थाना पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो लोहे की रॉड और एक बांस का डंडा भी जब्त किया है। इस कार्रवाई की जानकारी भी शनिवार शाम को दी गई।

