IND vs NZ: वैभव सूर्यवंशी-संजू सैमसन की वजह से फंस गया था मैच! श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद बताया असली हीरो कौन

IND vs NZ: वैभव सूर्यवंशी-संजू सैमसन की वजह से फंस गया था मैच! श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद बताया असली हीरो कौन

IND vs NZ 2nd T20 Highlights: शनिवार को क्राइस्टचर्च में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 181 रन के लक्ष्य को तब चेज किया, जब उसके 70 रन पर पांच विकेट गिर चुके थे। एक समय टीम इंडिया की जीत मुश्किल लग रही थी, लेकिन नमन धीर, तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी की तिकड़ी ने न्यूजीलैंड के मुंह से जीत छीन ली।

श्रेयस ने नमन धीर की जमकर की तारीफ

मैच के बाद कप्तान श्रेयस ने इन तीनों की खूब तारीफ की। इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि मैच मुश्किल स्थिति में कैसे पहुंचा। उन्होंने बिना नाम लिए वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन पर निशाना साधते हुए कहा कि शुरुआत में डॉट बॉल खेलने की वजह से रन रेट का दबाव बढ़ गया, जिसकी वजह से थोड़ी मुश्किल स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन बाद में हमारे बल्लेबाजों ने कमाल का खेल दिखाया।

आपको बता दें कि इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों में 4 रन बनाए, जो आमतौर पर आईपीएल में 220 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं। वहीं संजू सैमसन ने भी 17 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 14 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस ने भी 11 गेंदें खेलने के बाद सिर्फ 7 रन बनाए। तीनों का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा। तीनों ने मिलकर 35 गेंदें खेलीं और सिर्फ 25 रन बनाए। टीम इंडिया 181 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी, जहां उसे 150 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बनाने की जरूरत थी।

टीम के हर खिलाड़ी को बताया मैच विनर

जीत के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस अय्यर ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारे टीम में हर कोई मैच विजेता है और आज हमने इसका उदाहरण देखा। ईमानदारी से कहूं तो, जब हमने विकेट खोए, तो लगा कि मैच दूर चला जाएगा। लेकिन तिलक और रेड्डी ने जबरदस्त खेल दिखाया और नमन धीर ने भी शानदार कैमियो पारी खेली।” नमन धीर की तारीफ करते हुए श्रेयस ने कहा, “वह एक अद्भुत गेंदबाज भी है। मुझे लगता है कि वह टीम में अहम भूमिका निभाता है। वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी के अलावा फील्ड में भी शानदार है।”

श्रेयस ने बताया कि शुरुआत में डॉट गेंद खेलने की वजह से मैच मुश्किल स्थिति में पहुंच गया। उन्होंने कहा, “मिचेल सेंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने मुश्किल चुनौती पेश की। मुझे लगता है कि हमने शुरू में बहुत सारी डॉट गेंदें खेलीं, और इससे जरूरी रन रेट भी बढ़ गया। हम पारी की शुरुआत में ही आक्रामक खेलना चाहते थे लेकिन न्यूजीलैंड ने शानदार गेंदबाजी की, खासकर ब्रेसवेल और सेंटनर ने, जिस तरह से उन्होंने बीच में खेल को नियंत्रित किया, उससे शॉट खेलना मुश्किल हो गया। मुझे लगता है कि अगर हमने गैप ढूंढा होता और बाउंड्री लगाने की कोशिश की होती, तो हम आसानी से रन बना सकते थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *