Pakistan Test Squad for the Sri Lanka series: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इस टीम में ऑलराउंडर सलमान अली आगा की वापसी हुई है। वह उन सात खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की विदेशी टेस्ट सीरीज़ के दौरान बीच में ही टीम से बाहर कर दिया गया था।
सलमान अली आगा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह दोबारा हासिल की है। सलमान अली आगा ने जारी प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 में उन्होंने किंग्समेन अकादमी की ओर से खेलते हुए तिहरा शतक और एक शतक लगाया।
उनके अलावा टीम में बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान को भी टीम में वापस शामिल किया गया है। उन्होंने अगस्त में हेडिंग्ले में 5 विकेट लेकर 1972 के बाद ऐसा करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया था। उन्हें भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान की टीम से बाहर कर दिया गया था।
स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की कप्तानी वाली इस टीम में तीन ऐसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। इनमें समीर मिन्हास, मोहम्मद ताहा और मोहम्मद सुलेमान शामिल हैं। इन तीनों को घरेलू क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद टीम में मौका मिला है। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को भी श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के लिए टीम में बरकरार रखा गया है।
WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर पाकिस्तान
WTC 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान सबसे निचले पायदान पर है। पाकिस्तान ने अब तक खेले गए 9 टेस्ट मैचों में से सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है, जबकि उसे 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, श्रीलंका 6 टेस्ट मैचों में 1 जीत, 2 हार और 3 ड्रॉ के साथ सातवें स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है, जबकि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। बांग्लादेश चौथे और भारत पांचवें स्थान पर है।
पाकिस्तान की टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाज़ी गोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, रज़ाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास और सऊद शकील।
PAK vs Sri Lanka टेस्ट सीरीज 2026 का शेड्यूल
| तारीख | मैच | मैदान | शहर |
|---|---|---|---|
| 9–13 नवंबर | पहला टेस्ट | रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम | रावलपिंडी |
| 17–21 नवंबर | दूसरा टेस्ट | गद्दाफी स्टेडियम | लाहौर |


