डॉक्टर दंपती को 11 लाख रुपए के लिए धमकी:बकाया मांगने पर जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी का आरोप, 3 पर केस

डॉक्टर दंपती को 11 लाख रुपए के लिए धमकी:बकाया मांगने पर जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी का आरोप, 3 पर केस

मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में रहने वाले डॉक्टर दंपती ने तीन लोगों पर बकाया रकम नहीं लौटाने, झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें तेजाब फेंकने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर पल्लवपुरम पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंसल कोर्टयार्ड कॉलोनी निवासी विजय कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी डॉ. ऋचा शर्मा चिकित्सक हैं। उनकी पहचान शीलकुंज निवासी क्षितिज चौहान, शिवम उर्फ शिवेंद चौहान और उनके पिता संदीप चौहान से थी। आरोप है कि तीनों ने जरूरत बताकर रुपये मांगे थे। इसके बाद डॉ. ऋचा शर्मा के मुंहबोले भाई डॉ. दिव्यांशु के कहने पर उन्हें रकम देने की सहमति बनी। शिकायत के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को आरोपियों को ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 14 लाख 26 हजार रुपये दिए गए। रकम लौटाने के लिए 15 अगस्त 2026 तक की समयसीमा तय करते हुए लिखित एग्रीमेंट भी तैयार किया गया था। विजय कुमार शर्मा के मुताबिक, आरोपियों ने करीब 3 लाख 11 हजार 368 रुपये वापस कर दिए, लेकिन 11 लाख 32 हजार 126 रुपये बकाया रह गए। शेष रकम चुकाने के लिए बैंक ऑफ इंडिया के तीन चेक दिए गए। इनमें एक चेक 1 लाख 26 हजार 132 रुपये और दो चेक 5-5 लाख रुपये के थे। आरोप है कि बैंक में चेक जमा करने पर खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने के कारण तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद बकाया रकम मांगने पर आरोपियों ने कथित तौर पर धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने, जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पल्लवपुरम पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *