IND vs NZ 2nd T20 Highlights: शनिवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 180 रन बनाए, जिसमें ग्लेन फिलिप्स ने 70 और बेवन जैकब्स ने 58 रनों की पारी खेली। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की आधे बल्लेबाज 70 रन पर पवेलियन लौट गए थे लेकिन वहां से तिलक वर्मा ने बाजी पलटी और न्यूजीलैंड के मुंह से जीत छीन ली।
गेंदबाजों ने दी शानदार शुरुआत
इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अर्शदीप सिंह ने टिम सीफर्ट को सात रन के स्कोर पर आउट कर दिया, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को छह रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद फिन एलन को प्रिंस यादव ने बोल्ड कर दिया। 41 रन पर तीन विकेट गंवाने वाले न्यूजीलैंड को ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने संभाला और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई।
फिलिप्स ने 43 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 70 रनों की पारी खेली। उन्हें अर्शदीप सिंह ने नामन धीर के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखाई। वहीं, बेवन जैकब्स ने 58 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। इसके बाद माइकल ब्रेसवेल ने दो गेंदों में एक छक्के और एक चौके की मदद से 10 रन बनाए, जिससे न्यूजीलैंड की टीम 180 रन तक पहुंचने में सफल रही।
भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 50 रन खर्च किए और एक विकेट हासिल किया, जबकि अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट लिए। प्रिंस यादव ने भी चार ओवर में 30 रन देकर एक विकेट हासिल किया। अक्षर पटेल ने चार ओवर में 28 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी ने चार ओवर में 31 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
तिलक वर्मा ने पलटा मैच
181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल सस्ते में पवेलियन लौट गए। हालांकि, इस दौरान अभिषेक शर्मा ने 27 रन जरूर बनाए, लेकिन संजू सैमसन के 17 गेंदों में 14 रन, वैभव सूर्यवंशी के आठ गेंदों में चार रन और श्रेयस अय्यर के 11 गेंदों में सात रन की धीमी बल्लेबाजी की वजह से निचले मध्यक्रम पर काफी दबाव बढ़ गया। नामन धीर ने 17 गेंदों में 31 रन बनाकर एक बार फिर उम्मीदें जगा दीं।
तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में 51 रन की नाबाद पारी खेल टीम इंडिया को एक गेंद पहले रोमांचक जीत दिला दी। आखिरी तीन ओवर में टीम इंडिया को जीत के लिए 46 रन की जरूरत थी। काम मुश्किल था लेकिन तिलक वर्मा ऐसे मौकों की तलाश में रहते हैं और उनके पिच पर रहते टीम इंडिया मुश्किल से ही हारती है। तिलक ने आज फिर से भारतीय फैंस को निराश नहीं किया और शानदार जीत दिलाई। नितीश रेड्डी 13 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।


