धार के SDM कार्यालय परिसर में किसान से मारपीट:महिलाओं ने चप्पलों से पीटा; 18 के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज

धार के SDM कार्यालय परिसर में किसान से मारपीट:महिलाओं ने चप्पलों से पीटा; 18 के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज

धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम कंजरोटा में जमीन विवाद को लेकर किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। किसान बोन्दरलाल पिता नाथाजी सिर्वी ने आरोप लगाया कि सरदारपुर एसडीएम कार्यालय परिसर में महिलाओं ने उन्हें घेरकर चप्पलों से मारपीट की। घटना का वीडियो आज सामने आया है। किसान ने 18 महिलाओं के खिलाफ सरदारपुर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम कार्यालय परिसर में मारपीट का आरोप किसान बोन्दरलाल के अनुसार, जमीन और रास्ते को लेकर सरदारपुर एसडीएम न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 0151/अपील/2024-25 चल रहा था। 12 अक्टूबर 2026 को न्यायालय ने तहसीलदार सरदारपुर के आदेश को अपास्त करते हुए उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। किसान का दावा है कि जमीन और रास्ते को लेकर न्यायालय का आदेश उनके पक्ष में है। बोन्दरलाल ने आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर को वह जमीन विवाद की शिकायत लेकर सरदारपुर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यालय परिसर में कोर्ट के बाहर करीब एक दर्जन महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और चप्पलों से मारपीट की। उन्होंने महिलाओं पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। 18 महिलाओं के खिलाफ दिया आवेदन किसान ने सरदारपुर थाने में आवेदन देकर रामी पति कैलाश, लीलाबाई, रतिबाई, वरदीबाई, केसरबाई, तुलसाबाई, राधाबाई, रुखमाबाई, शांताबाई, गेंदीबाई, चंपाबाई, अनीता, कविता, संजूबाई, हीरी, हेमीबाई, गायत्रीबाई और गीताबाई के खिलाफ शिकायत की है। सभी महिलाएं ग्राम कंजरोटा की निवासी बताई गई हैं। किसान ने शिकायत में मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में दूसरा पक्ष क्या कहता है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पक्ष जानने के लिए सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल जाधव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *