रोडवेज डिपो में बस से डीजल निकालने के आरोप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति बस की टंकी में 15 लीटर की कट्टी लगाए जाने को लेकर दूसरे व्यक्ति पर तेल चोरी का आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस होती है। मामला संज्ञान में आने के बाद रोडवेज विभाग ने जांच शुरू करा दी है। बस चालक योगेंद्र कुमार ने जन्म बहादुर के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है।यह वायरल वीडियो परसो रात लगभग 8 बजे का बताया जा रहा है बांदा डिपो के एआरएम देशराज ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जिस बस से तेल निकाले जाने का आरोप है, वह कानपुर की गाड़ी है। घटना परसों रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। बस चालक योगेंद्र कुमार ने जन्म बहादुर के खिलाफ तेल चोरी के आरोप में प्रार्थना पत्र दिया है। एआरएम ने बताया कि मामले की जांच स्टेशन इंचार्ज रमेश कुमार को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बस की टंकी में लगी कट्टी को लेकर दूसरे व्यक्ति से सवाल करता नजर आ रहा है। वह कहता है कि बस का एवरेज नहीं आ रहा था, इसलिए वह इसकी जांच करने पहुंचा। व्यक्ति आरोप लगाता है कि बस की टंकी में कट्टी लगाकर डीजल निकाला जा रहा है। वह बार-बार कट्टी बंद करने के लिए कहता है और तेल फैलने की बात भी कहता सुनाई देता है। वहीं, दूसरा व्यक्ति आरोपों से इनकार करते हुए कहता है कि उसने कट्टी नहीं लगाई है और वह अभी आया है। इस पर दोनों के बीच बहस तेज हो जाती है। वीडियो में आरोप लगाने वाला व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को एआरएम के पास ले जाने की बात भी कहता सुनाई देता है। वीडियो में डीजल चोरी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बस से डीजल निकाला जा रहा था या नहीं और मामले में किसकी भूमिका थी।

