गोरखपुर में दीपावली से पहले शहर के चौराहों को सजाने-संवारने और उनकी सुंदरता बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। नगर आयुक्त अजय जैन और मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने शुक्रवार को शहर में निर्माणाधीन चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी चौराहों के सौंदर्यीकरण का काम हर हाल में दीपावली से पहले पूरा कर लिया जाए। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाना है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि त्योहार से पहले काम पूरा करने में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें, जिससे एक विभाग का काम अधूरा रहने के कारण दूसरे विभाग की परियोजना प्रभावित न हो। चारगवां वार्ड में सीएम-ग्रिड फेज-3 का काम परखा चौराहों के निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने चारगवां वार्ड में सीएम-ग्रिड फेज-3 परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। इस दौरान परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने बिजली, नाली निर्माण, जलापूर्ति, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, ओएफसी और एचडीपीई पाइपलाइन से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। परियोजना के तहत सड़क निर्माण के साथ विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करना जरूरी है। इसके लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के साथ सभी आवश्यक औपचारिकताएं भी समय से पूरी की जाएं। किसी एक कार्य में देरी होने से पूरी परियोजना प्रभावित नहीं होनी चाहिए। विभागों के बीच समन्वय बनाने पर जोर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग और कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ काम करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

