उत्तराखंड में BJP और Congress ने तेज की चुनावी तैयारी, बैठकों और न्याय यात्रा से साधा संपर्क

उत्तराखंड में BJP और Congress ने तेज की चुनावी तैयारी, बैठकों और न्याय यात्रा से साधा संपर्क

(फाइल फोटो के साथ)
देहरादून, 23 अक्टूबर उत्तराखंड में अगले साल के आरंभ में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करते हुए शुक्रवार को तैयारी बैठकें और जनसंपर्क के लिए यात्राएं कीं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने यहां पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर मंथन किया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में पार्टी की ‘न्याय यात्रा’ में हिस्सा लिया।

यहां बीजापुर गेस्ट हाउस में हुई भाजपा की बैठक में पार्टी के मौजूदा सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ ही आगामी गतिविधियों को चुनावी दृष्टि से अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि पार्टी केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएगी और जनता से समर्थन मांगेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने और जनता के बीच कथित झूठे एवं भ्रामक नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाते हुए उसका जवाब देने की रणनीति भी बनाई।

पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा अपनी सरकार के कामकाज का ब्योरा जनता के सामने रखेगी और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों एवं सच्चाई के साथ जवाब देगी। चौहान के अनुसार, बैठक में भाजपा ने विकास और जनकल्याण को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाने तथा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया। राम माधव के अलावा, बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल एवं अन्य नेता मौजूद रहे।

दूसरी ओर, किच्छा में कुमारी सैलजा ने कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ में भाग लेकर पार्टी के जनसंपर्क अभियान को धार देने की कोशिश की। प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क के लिए पार्टी ने बृहस्पतिवार से यह यात्रा शुरू की है जिसे चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने की उसकी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *