Meghalaya Assembly: यूडीपी के 3 विधायकों का NPP में विलय, स्पीकर ने दी मंजूरी

Meghalaya Assembly: यूडीपी के 3 विधायकों का NPP में विलय, स्पीकर ने दी मंजूरी

मेघालय विधानसभा के अध्यक्ष थॉमस ए. संगमा ने शुक्रवार को यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के तीन विधायकों के सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) में विलय को मान्यता प्रदान कर दी। यूडीपी के आठ विधायकों के भाजपा में विलय के कुछ दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया है। इसके बाद अब विधानसभा में यूडीपी का केवल एक विधायक बचा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने अपने आदेश में कहा कि उन्होंने ‘‘भारत के संविधान की दसवीं अनुसूची के खंड चार के तहत नेशनल पीपुल्स पार्टी में उनके विलय को मान्यता प्रदान कर दी है।’’
उन्होंने निर्देश दिया कि तीनों विधायकों को मेघालय विधानसभा में एनपीपी के सदस्यों के रूप में सीट आवंटित की जाएं। तीनों विधायकों ने 17 अक्टूबर को विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा था कि उन्होंने एनपीपी में विलय करने का फैसला किया है और वे विधानसभा में यूडीपी विधायक दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्य हैं। आदेश के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ने तीनों विधायकों को अपने पत्र की विषयवस्तु की व्यक्तिगत रूप से पुष्टि करने का निर्देश दिया था।

वे 19 अक्टूबर को उनके समक्ष पेश हुए, पत्र की पुष्टि की और एनपीपी में विलय के अपने फैसले को दोहराया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह ‘‘इस बात से संतुष्ट हैं कि उन्होंने स्वेच्छा से और अपनी मर्जी से नेशनल पीपुल्स पार्टी में विलय करने का फैसला किया है।’’
यह ताजा घटनाक्रम 16 अक्टूबर को जारी उस आदेश के बाद हुआ है, जिसमें यूडीपी के आठ विधायकों के भाजपा में विलय को मान्यता दी गई थी। दोनों विलय को मान्यता मिलने के बाद 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में यूडीपी के विधायकों की संख्या 12 से घटकर केवल एक रह गई है।

साठ सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ एनपीपी के विधायकों की संख्या 33 से बढ़कर 36 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *