अहमदाबाद में कांग्रेस को मजबूती देने की कवायद, पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ब्रह्मभट्ट ने छोड़ी भाजपा, फिर थामा ‘हाथ’

अहमदाबाद में कांग्रेस को मजबूती देने की कवायद, पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ब्रह्मभट्ट ने छोड़ी भाजपा, फिर थामा ‘हाथ’

Gujarat Politics: शहर युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ब्रह्मभट्ट ने शुक्रवार को भाजपा छोड़कर एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया। गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने पालडी स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल कराया। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। राजेश ब्रह्मभट्ट की कांग्रेस में वापसी के मौके पर दरियापुर के पूर्व विधायक गयासुद्दीन शेख, चाणस्मा के विधायक दिनेश ठाकोर और प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. अमित नायक सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई

कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मभट्ट की घर वापसी को लेकर पार्टी नेताओं की मौजूदगी में उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई। राजेश ब्रह्मभट्ट वर्ष 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब करीब चार वर्ष बाद उन्होंने फिर से कांग्रेस में वापसी की है। कांग्रेस में लौटने के बाद ब्रह्मभट्ट ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा के नेतृत्व से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है।

कांग्रेस की विचारधारा फैसले का प्रमुख आधार

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा भी उनके इस फैसले का प्रमुख आधार रही है। ब्रह्मभट्ट ने इस मौके पर केंद्र और गुजरात की भाजपा सरकारों की नीतियों को लेकर अपनी असहमति भी व्यक्त की। उन्होंने कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के फैसले के पीछे पार्टी के नेतृत्व और विचारधारा के प्रति अपने जुड़ाव को प्रमुख कारण बताया। उनकी वापसी को अहमदाबाद में कांग्रेस के संगठनात्मक प्रयासों के लिहाज से भी देखा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से संगठन को मजबूत करने और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ युवा नेताओं को फिर से पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

पहले सोलंकी हुए थे शामिल

पार्टी का कहना है कि संगठन के विस्तार के लिए ऐसे कार्यकर्ताओं को वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो पहले कांग्रेस से जुड़े रहे हैं।गौरतलब है कि बीते दिनों गुजरात के कोडीनार से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक और पूर्व संसदीय सचिव जेठा दाना सोलंकी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। राजकोट के हेमू गढ़वी हॉल में आयोजित सौराष्ट्र जोन की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने जेठा सोलंकी को पार्टी का गमछा पहनाकर कांग्रेस में आधिकारिक रूप से शामिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *