महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में 18 महीने के बच्चे आयुष की मौत के मामले में शुक्रवार को परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी शक्ति मोहन अवस्थी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हत्या की धारा जोड़ने, आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। बच्चे के पिता नाथूराम के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को आयुष मंदिर परिसर में खेल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उसे गाड़ी से कुचल दिया। परिवार ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है, लेकिन वे दर्ज धाराओं से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में कार्रवाई करने की मांग की। परिवार ने एसपी को चार सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। इसमें आरोपी की गिरफ्तारी, उसे फांसी की सजा दिलाने, पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता, झंडा उखाड़ने के मामले में एफआईआर और दरोगा चंद्रप्रकाश झा के इस्तीफे की मांग शामिल है। दरोगा चंद्रप्रकाश झा ने बताया कि वह इस मामले के विवेचक नहीं हैं। एसपी कार्यालय पहुंचे नाथूराम, उनकी पत्नी पूजा हजारी और अन्य ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।

