Jaw Popping: जबड़े से बार-बार आती है चटकने की आवाज? हो सकती है टीएमजे (TMJ) की समस्या, NIDCR से जानें कारण

Jaw Popping: जबड़े से बार-बार आती है चटकने की आवाज? हो सकती है टीएमजे (TMJ) की समस्या, NIDCR से जानें कारण

Jaw Popping Hindi: सुबह नाश्ते में सेब काटते ही कान के ठीक पास जबड़े में झटके से चटक की आवाज़ हुई? या फिर दोपहर में काम के बीच लंबी उबासी लेते ही लगा कि जबड़ा किसी गलत जगह जाकर अटक गया है? हम में से ज्यादातर लोग इस आवाज को मामूली मानकर अनदेखा कर देते हैं। लेकिन अगर यह रोज की आदत बन चुकी है, तो यह टेम्पोरोमैंडिबुलर जॉइंट डिऑर्डर (TMJ/TMD) का पहला इशारा हो सकता है। NIDCR (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल एंड क्रेनियोफेशियल रिसर्च) के अनुसार, हमारे जबड़े के जोड़ के बीच एक छोटी सी मुलायम गद्दी (Articular Disc) होती है, जो हड्डी को आपस में रगड़ने से बचाती है।

जब हम मुंह खोलते या चबाते हैं और यह डिस्क अपनी तय जगह से थोड़ा आगे-पीछे फिसलती है, तो एक आवाज (Clicking/Popping) पैदा होती है। कान के बिल्कुल आगे, चेहरे के दोनों तरफ स्थित यह छोटा सा जोड़ हमारे बोलने, चबाने और निगलने की पूरी प्रक्रिया को संभालता है। जब इसमें सूजन या असंतुलन आता है, तो शरीर गंभीर संकेत देने लगता है। आइए समझें कि यह समस्या क्यों होती है, इसके शुरुआती खतरे क्या हैं और इससे राहत कैसे पाई जाए।

जबड़े से आवाज आने के मुख्य कारण

क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, जबड़े की इस आवाज के पीछे कोई एक वजह नहीं, बल्कि कई रोजमर्रा की आदतें और शारीरिक कारण हो सकते हैं;

  • तनाव में दांत भींचना (Bruxism)- दिनभर की भागदौड़ या रात को सोते समय अनजाने में दांतों को आपस में जोर से दबाने या रगड़ने से जबड़े की मांसपेशियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ता है।
  • जोड़ की गद्दी (Cartilage Disc) का खिसकना- जबड़े के जोड़ के बीच एक मुलायम कार्टिलेज डिस्क होती है जो शॉक एब्जॉर्बर का काम करती है। मुंह खोलने या बंद करने पर जब यह डिस्क अपनी जगह से खिसकती है, तो चटकने की आवाज आती है।
  • च्युइंग गम या सख्त चीज़ें चबाना- घंटों च्युइंग गम चबाने या लगातार बर्फ जैसी कड़ी चीजें खाने से जबड़े के जोड़ बुरी तरह थक जाते हैं।
  • गठिया या आर्थराइटिस (Arthritis)- उम्र या सूजन से जुड़ी बीमारियों के कारण भी जोड़ के अंदरूनी हिस्से को नुकसान पहुँचता है।
  • चोट या असंतुलन- चेहरे पर पुरानी चोट या ऊपरी और निचले दांतों की गलत बनावट भी इसका कारण बनती है।

कब डॉक्टर के पास जाना जरूरी है?

बिना दर्द के कभी-कभार आने वाली आवाज घबराने की बात नहीं है, लेकिन अगर नीचे दिए गए लक्षण दिखें तो तुरंत दंत चिकित्सक या विशेषज्ञ से सलाह लेंच

  • चबाते या बोलते समय कान, गाल या गर्दन तक खिंचाव और दर्द होना।
  • मुंह पूरा न खुल पाना या खोलते समय जबड़े का एक तरफ अटक जाना।
  • बिना किसी वजह के बार-बार कनपटी में सिरदर्द होना या कान में सीटी जैसी आवाज (Tinnitus) आना।

टेम्पोरोमैंडिबुलर जॉइंट डिऑर्डर से बचने के लिए क्या करें?

  • खिचड़ी, दलिया, सूप और उबली सब्जियों जैसा नरम खाना खाएं।
  • सूजन होने पर आइस पैक और खिंचाव में हल्के गर्म कपड़े से सिकाई करें।
  • रात में दांत भींचने की आदत हो तो डॉक्टर की सलाह से माउथ गार्ड पहनें।
  • तनाव कम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *