जबलपुर के खजरी-खिरिया बाइपास पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने टमाटर से भरे पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में लदे कई क्विंटल टमाटर सड़क पर बिखर गए। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोग सड़क पर पड़े टमाटर समेटकर ले जाने लगे। सूचना मिलने पर माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। छिंदवाड़ा से कटनी जा रहा था पिकअप जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन क्रमांक MP 28 ZC 6790 टमाटर लेकर छिंदवाड़ा से कटनी जा रहा था। खजरी-खिरिया बाइपास के पास ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर टमाटर बिखरने से सड़क पर फिसलन हो गई। पीछे से आ रहे वाहनों को भी सावधानी बरतनी पड़ी। सड़क पर बिखरे टमाटर समेटकर ले गए लोग हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में टमाटर फैल गए। कुछ ही देर में वहां से गुजर रहे लोग टमाटर समेटकर ले जाने लगे। इस दौरान हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। क्रेन की मदद से पलटे पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कराया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज किया केस स्थानीय निवासी अमन उईके के मुताबिक, हादसा सुबह उस समय हुआ, जब ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माढ़ोताल थाना पुलिस के अनुसार, अज्ञात ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही की आशंका है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

