हरदा जिला अस्पताल के पास नाली किनारे मिली नवजात बच्ची से जुड़ा CCTV फुटेज शुक्रवार सुबह सामने आया है। इसमें दो महिलाएं बच्ची को लेकर जाती और फिर सड़क किनारे छोड़ती दिखाई दे रही हैं। दोनों ने अपने चेहरे दुपट्टे से ढंक रखे थे। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने और तलाश में जुटी है। दरअसल, गुरुवार देर शाम अस्पताल चौक के पास दो खड़ी बाइकों के बीच से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी थी। आसपास मौजूद लोगों ने देखा तो वहां बच्ची लावारिस हालत में पड़ी थी। लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को जिला अस्पताल लेकर गई। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची करीब तीन से चार दिन की थी। उसे निगरानी के लिए नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू/पीआईसीयू) में भर्ती किया गया। देखें दो तस्वीरें… CCTV में अस्पताल से निकलकर जाती दिखीं महिलाएं
पुलिस ने बच्ची के मिलने के बाद अस्पताल और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में दो महिलाएं अस्पताल से निकलकर बस स्टैंड की ओर जाती दिखाई दीं। बताया जा रहा है कि एक महिला ने नारंगी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था, जबकि दूसरी ने भी अपना चेहरा ढंक रखा था। फुटेज के अनुसार, दोनों महिलाएं अस्पताल से करीब 100 मीटर दूर अस्पताल तिराहे के पास पहुंचीं। वहां खड़ी दो बाइकों की आड़ में एक महिला ने बच्ची को रख दिया। इसके बाद दोनों वहां से चली गईं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। सुबह अस्पताल में हुआ था बच्ची का जन्म
जांच के दौरान सामने आया कि गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में सिराली क्षेत्र की बताई जा रही करीब 23 वर्षीय महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। अस्पताल में बच्ची को एहतियात के तौर पर एसएनसीयू में रखने की बात कही गई थी। बताया जा रहा है कि सुबह एक बुजुर्ग महिला बच्ची को एसएनसीयू लेकर आई थी। वह खुद को प्रसूता की मां बता रही थी। अस्पताल में उसने अपना मोबाइल नंबर नहीं दिया। उन्होंने बारिश के वजह से अपने आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज पानी में डूबने से खराब होने की बात कही थी। महिला बच्ची को मां के पास ले जाने की बात कहकर वह वहां से चली गई। CCTV फुटेज में नारंगी दुपट्टा ओढ़े एक महिला बच्ची को गोद में लेकर अस्पताल के पुराने गेट की ओर जाती दिखी। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं अस्पताल से बाहर निकलकर बस स्टैंड की दिशा में जाती नजर आईं। इसके बाद बच्ची को अस्पताल तिराहे के पास छोड़ दिया गया। अंधेरे में रोने की आवाज सुनकर लोगों ने बचाया
जिस जगह बच्ची मिली, वहां पास में नाली थी और आसपास जानवरों के आने-जाने की आशंका भी रहती है। बच्ची को वहां किस वजह से छोड़ा गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। गनीमत रही कि उसके रोने की आवाज आसपास मौजूद लोगों ने सुन ली और तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। बच्ची के शरीर पर अस्पताल में इस्तेमाल होने वाले कपड़े मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल से जुड़े CCTV फुटेज की जांच तेज की। हालांकि, फुटेज में दिख रही महिलाओं की पहचान और बच्ची को छोड़ने के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। पुलिस कर रही दोनों महिलाओं की तलाश
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती के अनुसार, बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फुटेज में दिखाई दे रही दोनों महिलाएं कौन हैं और बच्ची को अस्पताल से बाहर ले जाने के बाद उसे सड़क किनारे क्यों छोड़ा गया। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। नन्ही बच्ची अब अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में है। जिस जगह वह अकेली मिली थी, वहां से गुजरने वाले लोगों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना से उसे तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी। यह भी पढ़ें…
हरदा जिला अस्पताल के पास नाली किनारे मिली नवजात
हरदा में गुरुवार शाम करीब सात बजे जिला अस्पताल से 100 मीटर दूर अस्पताल चौक पर एक नवजात बच्ची लावारिस मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों और आसपास के लोगों ने पुलिस को 112 पर सूचना दी। पूरी खबर पढ़िए…

