आगरा खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर गुरुवार को मथुरा कलेक्ट्रेट से जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह से ही मतदान दलों को निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। सभी मतदान कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारी के अनुसार संबंधित केंद्रों पर भेजा जा रहा है, ताकि मतदान निर्धारित समय पर शुरू कराया जा सके। शाम चार बजे तक मतदान होगा जिलाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी पोलिंग पार्टियों को निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर मतदान संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर है कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और मतदाताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अलग-अलग व्यवस्था जिले में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 19 मतदेय स्थल और 15 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी 19 मतदेय स्थल और 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 10,669 मतदाता हैं। इनमें 7,175 पुरुष और 3,494 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,694 मतदाता हैं, जिनमें 4,315 पुरुष और 2,379 महिलाएं हैं। पहचान पत्र लेकर पहुंचें मतदाता मतदान के दौरान मतदाताओं को अपनी पहचान प्रमाणित करनी होगी। मतदाता फोटो पहचान पत्र नहीं होने पर आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सात जोनल मजिस्ट्रेट, 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। रिजर्व सहित 42 मतदान दलों के लगभग 168 कार्मिक चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

