गोरखपुर में गुरुवार को कांग्रेस विधायक और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के सेंट्रल ऑब्जर्वर अनिल भारद्वाज गोरखपुर पहुंचे। दोपहर करीब 3 बजे एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस देकर वोट के अधिकार से वंचित करने का प्रयास इलेक्शन कमिशन कर रहा है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को कानून के दायरे से बाहर कर दिया गया है। उनके ऊपर सरकार ने संरक्षण दे दिया है कि वो कुछ भी करें, उनके ऊपर किसी तरह का मुकदमा दर्ज नहीं होगा। हम मांग करते है कि ज्ञानेश कुमार का तत्काल प्रभाव से इस्तीफा होना चाहिए। जहां भी वोट काटने का काम हुआ है वो निरस्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि EVM पर सवाल उठे हैं। इसलिए आगे से जो भी चुनाव हो वो वैलेट पेपर से हो। कांग्रेस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। हर कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करने और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए काम करेगा। करंट की घटना पर दुःख जताया
अनिल भारद्वाज ने आगे कहा कि गोरखपुर में मूर्ति विसर्जन के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से करंट लगने के कारण तीन लोगों की असमय मृत्यु और अन्य लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत हृदयविदारक और दुखद है। कांग्रेस पार्टी इस हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करती है तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं प्रकट करती है। पार्टी ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। यह हादसा धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रशासनिक सतर्कता और हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। मुआवजा की मांग की
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, मृतकों के परिजनों को सम्मानजनक आर्थिक मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का जन अभियान
अनिल भारद्वाज ने कहा कि देश में लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है। मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर कांग्रेस द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं को लेकर यह अभियान गांव-गांव, गली-गली और प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चल रहा “वोट बचाओ देश बचाओं” अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प है। 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा चौपाल अभियान
भारद्वाज ने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में “वोट बचाओ-देश बचाओ” चौपाल के अंतर्गत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकें होंगी। साथ ही बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और नाम हटाए जाने से संबंधित शिकायतों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरी क्षेत्रों में चौपालों के माध्यम से महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, आम नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने या गलत दर्ज होने की शिकायतें सामने आएंगी, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार आपत्ति दर्ज कराने और नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी। भारद्वाज ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस संगठन के जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय किया जा रहा है। केंद्रीय ऑब्जर्बर विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रभावित मतदाताओं से संवाद करेंगे। महारैली और दिल्ली चलो अभियान की तैयारी
अनिल भारद्वाज ने बताया कि 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ प्रस्तावित महारैली के लिए व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक तैयारियां की जाएंगी। इसके अलावा 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित “दिल्ली चलो” अभियान में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार का संरक्षण उसकी प्राथमिक प्रतिबद्धता है।

