झज्जर शहर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति दोपहर से ही एक ही अवस्था में वहां पड़ा हुआ था, लेकिन काफी देर तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उठाया और शिनाख्त तथा पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर भिजवा दिया। दोपहर से एक ही अवस्था में पड़ा था व्यक्ति जानकारी के अनुसार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास व्यक्ति काफी समय से एक ही अवस्था में पड़ा हुआ था। आसपास लोगों की आवाजाही जारी रही और कथित तौर पर पुलिस की गाड़ियां भी कई बार वहां से गुजरीं, लेकिन किसी का ध्यान व्यक्ति की हालत पर नहीं गया। देर रात जब मामले पर ध्यान गया तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को वहां से उठवाया। पुलिस थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मिला शव हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर शव मिला, वह पुरानी तहसील स्थित महिला एवं ट्रैफिक पुलिस थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद व्यक्ति दोपहर से वहां पड़ा रहा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और मौत के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल झज्जर में रखवाया है, जहां उसकी शिनाख्त और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस की आगामी कार्रवाई और मामले से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।

