कुंडा विधायक राजा भैया का असलहों की पूजा करना हमेशा चर्चा में रहता है। इस बार विजय दशमी पर प्रयागराज के बीजेपी एमएलसी सुरेंद्र चौधरी का असलहों को तिलक लगाना, फूल चढ़ाना काफी चर्चा में है। सोशल मीडिया पर सुरेंद्र चौधरी के शस्त्र पूजन के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। इसमें कई तरह के कमेंट्स भी हो रहे हैं। खासबात यह है कि भाजपा एलएमसी का असलहों की पूजा करने का वीडियो और फोटो उनके समर्थक भी वायरल कर रहे हैं। लंबी मेज पर सजे कई तरह के असलहों को लेकर चुटकी भी ली जा रही है। प्रयागराज में विजयादशमी पर एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने शस्त्र पूजन किया। कई तरह के असलहों को मेज पर सजाकर जयकारे लगाए गए। इसका वीडियो बनवाया गया। सुरेंद्र चौधरी ने अपने आवास पर विधिवत शस्त्र पूजन किया। सनातन परंपरा का पालन करते हुए, आचार्य एवं पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी शस्त्रों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर और आरती उतारकर पूजन किया गया। इसके बाद सुरेंद्र चौधरी ने जयकारे लगा। एक दूसरे को विजय दशमी की बधाई दी। साथ ही शहरवासियों को बधाई दी। बोले सुरेंद्र चौधरी एमएलसी सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि “विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। शस्त्र पूजन हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि शस्त्र शक्ति, साहस और सुरक्षा के प्रतीक हैं। इनका सदैव सदुपयोग समाज की रक्षा, न्याय की स्थापना और कमजोरों की सहायता के लिए होना चाहिए। दशहरे का पर्व हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

