हरदोई में गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र के भड़ायल गांव निवासी निर्मला सिंह ने भाजपा विधायक श्याम प्रकाश पर मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे महिला ने कलेक्ट्रेट में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के बैनर तले धरना देने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर मकान का कब्जा दिलाने और कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, विधायक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विवादित जमीन उनके बेटे रवि प्रकाश सिंह की है। बेटे के इलाज के लिए लिए थे 25 हजार रुपए निर्मला सिंह के पति का करीब 18 साल पहले निधन हो चुका है। उनका 15 वर्षीय एक बेटा है। महिला का आरोप है कि करीब पांच साल पहले बेटे के इलाज के लिए उन्होंने विधायक श्याम प्रकाश से 25 हजार रुपये लिए थे। इसके बदले अपना मकान गिरवी रखा था। निर्मला का दावा है कि उन्होंने करीब ढाई साल बाद पूरी रकम वापस कर दी, लेकिन इसके बावजूद मकान पर लगा ताला नहीं खोला गया और उन्हें कब्जा नहीं मिला। महिला के मुताबिक, वह इस मामले में थाने से लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायत कर चुकी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देने के बाद उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। विधायक बोले- जमीन बेटे रवि प्रकाश की है विधायक श्याम प्रकाश ने महिला के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि जिस जमीन पर मकान बना है, उसे महिला के ससुर ने उनके बेटे रवि प्रकाश सिंह को बेचा था। विधायक के मुताबिक, मकान के जिस हिस्से में ताला लगा है, वह भी उनके बेटे की जमीन का हिस्सा है। इस जमीन की पैमाइश पहले ही कराई जा चुकी है। विधायक ने दावा किया कि महिला इस मामले में अब तक करीब 100 प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं और प्रशासन के साथ उन्हें भी परेशान कर रही हैं। फिलहाल, महिला के आरोपों और विधायक के जवाब के बीच मामला चर्चा में है। महिला ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि विधायक ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

