मध्यप्रदेश के गुना में बुधवार रात एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव कैंट थाना क्षेत्र की बृजबिहार कॉलोनी में जीजा के घर मिला। महिला के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। इससे उसकी सांस की नली कट गई। ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में महिला का पति राकेश सेन फरार बताया जा रहा है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। 15 दिन पहले लापता हुई थी महिला जानकारी के मुताबिक, महिला करीब 15 दिन पहले लापता हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने 16 अक्टूबर को उसे हिमाचल प्रदेश से बरामद कर गुना लाया था। पुलिस जांच में जुटी सीएसपी सायफा हाशमी ने बताया- वारदात की सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव और उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। हत्या की वजह और वारदात में किसकी भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है।

