Hagley Oval, Christchurch T20 Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक 19 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 9 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है और 10 में पहले बॉलिंग करने वाली टीम को सफलता मिली है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 159 है, तो दूसरी पारी में 129 रन बन पाते हैं। इसके बावजूद यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने ज्यादा मुकाबले जीते हैं।
2011 में भूकंप के बाद बना नया स्टेडियम
साल 2011 में आए अर्थक्वेक के बाद क्राइस्टचर्च का स्टेडियम पूरी तरह से ध्वस्त हो गया था, लेकिन न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बार फिर से इस शहर के फैंस को ध्यान में रखते हुए हैग्ले ओवल में शहर के बीच में स्टेडियम बनाया और 2019 में यहां पहला टी20 मुकाबला खेला गया। शुरुआती चार में से सिर्फ एक मैच ही न्यूजीलैंड जीत पाई थी। उसके बाद से अब तक यहां खेले गए 15 टी20 मुकाबलों में से 13 में न्यूजीलैंड ने हिस्सा लिया और उन 13 में से न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ छह मैच जीत पाई है। मतलब सात बार उसे हार झेलनी पड़ी है।
टीम इंडिया ने यहां 2011 से पहले एक टी20 मैच खेला था, लेकिन उसमें उसे हार झेलनी पड़ी। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम 2009 में दो मैचों की सीरीज के लिए आई थी, तब पहला क्राइस्टचर्च में खेला गया था, जहां न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी। क्राइस्टचर्च में जो पुराना क्रिकेट स्टेडियम था, जिसको एएमआई स्टेडियम के नाम से जाना जाता था, वहां पर न्यूजीलैंड ने 4 मुकाबले खेले थे और एक में ही जीत मिली थी, जबकि एक मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ टाई हुआ था और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड को जिस मुकाबले में जीत मिली थी, वहां उसने टीम इंडिया को 7 विकेट से हराया था।
वर्ल्डकप के फाइनल में टीम इंडिया से मिली हार
हालांकि, ओवरऑल रिकॉर्ड की बात की जाए, तो क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा। ऐसे में ये आंकड़े भारतीय टीम के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। दूसरी ओर, भारतीय टीम और न्यूजीलैंड की आखिरी टक्कर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में हुई थी, जहां टीम इंडिया ने एकतरफा जीत हासिल की। उससे पहले भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में कभी भी न्यूजीलैंड को नहीं हराया था।
ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड की बात की जाए, तो भारतीय टीम का पलड़ा वहां भी भारी है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 31 टी20 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से 19 में भारतीय टीम को जीत मिली है, जबकि 11 में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की। पिछले 6 टी20 मैचों में से न्यूजीलैंड सिर्फ एक ही बार जीत दर्ज कर पाई है। ऐसे में इस सीरीज में कहीं न कहीं वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहने वाला है, लेकिन अपनी कंडीशन में खेलते हुए न्यूजीलैंड भी पलटवार करने के लिए तैयार होगी और साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में मिली हार का बदला भी लेने के लिए बेकरार होगी।
आपको बता दें कि पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम को शुरू होगा, जिसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के साथ डीडी स्पोर्ट्स फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर लाइव देखा जा सकता है। इसके अलावा सोनी लिव पर भी इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।


Highest Individual Score by an Indian vs NZ in T20Is
