गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां पूरी, 23 अक्टूबर को मतदान:अमेठी में 1,099 शिक्षक मतदाता डालेंगे वोट, DM ने दिए निर्देश

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां पूरी, 23 अक्टूबर को मतदान:अमेठी में 1,099 शिक्षक मतदाता डालेंगे वोट, DM ने दिए निर्देश

अमेठी में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिले में 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए कुल 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,099 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 854 पुरुष और 245 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान कराने के लिए 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल मतदान कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।
नौ केंद्रों पर होगा मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में मतदान के लिए नौ केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन पर मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:
– क्षेत्र पंचायत कार्यालय, जगदीशपुर — 165 मतदाता
– जामों — 39 मतदाता
– मुसाफिरखाना — 123 मतदाता
– तहसील कार्यालय, गौरीगंज — 180 मतदाता
– अमेठी तहसील — 307 मतदाता
– भादर — 95 मतदाता
– सिंहपुर — 52 मतदाता
– सुभाष पशुपतिनाथ इंटर कॉलेज, तिलोई — 97 मतदाता
– बहादुरपुर — 41 मतदाता
12 पोलिंग पार्टियां गठित, तीन रिजर्व में रहेंगी
मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 12 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इनमें से नौ पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को तहसील गौरीगंज से रवाना होंगी, जबकि तीन पार्टियों को रिजर्व में रखा जाएगा। निगरानी के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, चार जोनल मजिस्ट्रेट और दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीएम ने एआरटीओ को समय से वाहन उपलब्ध कराने, जिला पूर्ति अधिकारी को ईंधन की व्यवस्था करने और बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को लेखन सामग्री व मतपत्रों से संबंधित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मतदान कक्ष में मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित
डीएम ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मीडिया प्रतिनिधि वैध परिचय पत्र के साथ मतदान केंद्र तक जा सकेंगे, लेकिन मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उन्हें मतदान कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक सूचनाएं और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, एडीएम ज्योति सिंह, एडीएम न्यायिक अमृता सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *