साउथ कानपुर दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में अशोक नगर दुर्गा पूजा पार्क में आयोजित 85वें दुर्गोत्सव के चौथे दिन नवमी की रात की शुरुआत संधि पूजन के साथ हुई। महाअष्टमी और नवमी पूजन के बाद भक्तों ने मां दुर्गा के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान दुर्गा पंडाल में दैनिक भास्कर एप ने अपनी मुहिम प्लास्टिक नहीं विकल्प चुनें के तहत लोगो को प्लास्टिक न इस्तेमाल करने की अपील की। कार्यक्रम प्रसाद के भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न वृद्धाश्रमों से आमंत्रित गुरूजनों का सम्मान भी किया गया। दैनिक भास्कर एप ने नवदुर्गा पंडाल में आए हुए भक्तों से प्लास्टिक न इस्तेमाल करने की अपील की। इसके साथ ही जागरूक करते हुए कहा कि लोग जब भी बाहर किसी भी तरह की खरीददारी करने निकलें तो प्लास्टिक के थैलों का इस्तेमाल करने से बचें। कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करें, इसलिए दैनिक भास्कर ने पंडाल में आए हुए भक्तों को जूट के थैले वितरित किए। स्थानीय कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में रुम्पी, अदिति सूबेदार, श्वेता अवस्थी, अनुश्री मुखर्जी, मृणमय, सयोनी, अपराजिता, रिती और ईशानी ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कोलकाता के बैंड ने दी शानदार प्रस्तुति
कार्यक्रम के अंत में कोलकाता के प्रसिद्ध बैंड ‘ए डॉट इन द स्काई’ ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांध दिया। दुर्गोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगीत की प्रस्तुतियों ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। आयोजन को सफल बनाने में सत्यजीत, इंद्रजीत, अभिजीत, सुमित, देवांगन, अंजन, मृदुल, अमरनाथ, मृणमय, सुदीप सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।

