कानपुर में मेले में फटा सिलेंडर, बच्ची समेत 6 घायल:रावण दहन से पहले हुआ तेज धमाका, गुब्बारा बेचने वाले की हालत नाजुक

कानपुर में मेले में फटा सिलेंडर, बच्ची समेत 6 घायल:रावण दहन से पहले हुआ तेज धमाका, गुब्बारा बेचने वाले की हालत नाजुक

नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा में मंगलवार देर रात रावण दहन से पहले कार्बाइड सिलेंडर फटने से गुब्बारा विक्रेता समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने सभी घायलों को आत्माराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में गुब्बारा विक्रेता को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायल धरीपुरवा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पहले देखिए हादसे से जुड़ी तीन तस्वीरें… निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर सिलेंडर रखकर बेच रहा था गुब्बारे जानकारी के मुताबिक, नौबस्ता के धरीपुरवा पार्क में श्रीबजरंग रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा था। मंगलवार को कमेटी की ओर से रावण दहन का आयोजन था। मेला परिसर में हजारों की संख्या में लोग शामिल होने के लिए आए थे। मेले परिसर के पास से गुजरी बसंत विहार से यशोदा नगर राजाराम चौक जाने वाली सीएम ग्रिड की सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रामू निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर कार्बाइड सिलेंडर रखकर गुब्बारे बेच रहा था। मंगलवार रात करीब 11:15 बजे मेले में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान तेज धमाके के साथ अचानक सिलेंडर फट गया। सिलेंडर की चपेट में आकर रामू उछलकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं आस–पास में मौजूद बबलू रघुवंशी, उसकी दो साल की बेटी रिद्धि, क्षमा दीक्षित, आकाश राजपूत और राजू भी सिलेंडर की चपेट में आने से घायल हो गए। धमाके के बाद मेला परिसर में भगदड़ मच गई। मेला कमेटी ने मामले की जानकारी नौबस्ता पुलिस को देकर आनन–फानन में घायलों को पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में गुब्बारा विक्रेता हैलट रेफर हादसे की सूचना पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और विधायक महेश त्रिवेदी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और घटना की जानकारी ली। हादसे में गुब्बारा विक्रेता रामू की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। डीसीपी साउथ ने बताया कि गुब्बारा विक्रेता डिवाइडर में सिलेंडर छिपाकर गुब्बारों में गैस भर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अत्यधिक गर्मी के कारण कार्बाइड सिलेंडर में विस्फोट हुआ है। फॉरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच कर कार्रवाई कर रही है। गुब्बारा विक्रेता की हालत गंभीर होने के कारण उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *