गोरखपुर में सड़क चौड़ीकरण और बिजली की इंसुलेटेड लाइनों को शिफ्ट करने के काम के चलते बुधवार को कई प्रमुख इलाकों में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। विभाग के अनुसार लाइन शिफ्टिंग का काम सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जिसके कारण संबंधित उपकेंद्रों और फीडरों से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं को पावर कट की समस्या झेलनी पड़ेगी। विद्युत निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान विद्युत उपकेंद्र राप्तीनगर न्यू के 11 केवी रेल विहार और करीम नगर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्र शाहपुर से जुड़े इलाकों में भी तीन घंटे तक बिजली नहीं आएगी। बिजली कटौती के कारण लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विभाग ने पहले ही सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह 10 बजे से पहले ही पानी भरने और बिजली से जुड़े अपने सभी जरूरी काम समय रहते निपटा लें। अधिकारियों का कहना है कि लाइन शिफ्टिंग का काम पूरा होते ही तुरंत सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

